Barabanki News... धान खरीद वर्ष 2025-26 के तहत जनपद में धान क्रय कार्यों की शुरुआत हो गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार यादव सहित धान खरीद से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रय केंद्रों पर पहुंचने वाले प्रत्येक किसान की धान खरीद की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। कोई भी किसान केंद्र से बिना धान बेचे वापस न लौटे। यदि किसी भी केंद्र पर किसान को बिना खरीद के लौटाया गया तो संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही की जाएगी तथा उच्चाधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर किसानों के लिए पीने के पानी, तौल मशीन, बारदानों की उपलब्धता, भुगतान व्यवस्था एवं प्रतीक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समर्थन मूल्य पर खरीद की जाए तथा किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से क्रय केंद्रों का निरीक्षण करें और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें ताकि किसान भाइयों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
धान का समर्थन मूल्य सामान्य ग्रेड के लिए ₹2369 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए के लिए ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धान का समर्थन मूल्य सामान्य ग्रेड के लिए ₹2369 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए के लिए ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान क्रय अवधि 25 अक्टूबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि धान क्रय कार्य हेतु सभी 94 केंद्र प्रभारियों की तैनाती की जा चुकी है और जनपद में कार्यरत 47 राइस मिलों का पंजीकरण एवं सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है।

0 टिप्पणियाँ